शिवाजी नगर के परशुराम मंदिर में गूँजा सुंदरकांड, 48 श्रद्धालुओं का हुआ सम्मान
भोपाल। राजधानी के शिवाजी नगर स्थित श्री परशुराम मंदिर में एक शाम छींद वाले दादाजी के नाम आयोजन श्रृंखला के अंतर्गत 34वाँ संगीतमय सुंदरकांड पाठ अत्यंत श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर सिद्धपीठ करुणाधाम आश्रम के पीठाधीश्वर श्री सुदेश जी शांडिल्य महाराज, महामंडलेश्वर महंत श्री अनिलानंद जी एवं राष्ट्रीय कथाकार मुकेश महाराज की गरिमामयी उपस्थिति रही।
धार्मिक ग्रंथों का वितरण और सम्मान परंपरा
श्रृंखला के आयोजक डा. अनिल भार्गव वायु ने बताया कि राम का आधार = रामायण वितरण योजना के तहत इस माह 27 महानुभावों को अर्थ सहित श्रीरामचरितमानस एवं श्री शिव महापुराण श्रद्धापूर्वक भेंट की गई। इसके साथ ही, सामाजिक समरसता की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए समाज के 48 सनातन धर्म प्रेमियों को उनके जन्मदिन एवं विवाह की वर्षगांठ के उपलक्ष्य में विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
मातृशक्ति का सम्मान और आध्यात्मिक भेंट
कार्यक्रम में पीठाधीश्वर श्री सुदेश शांडिल्य महाराज एवं पूज्य गुरुमाता के आशीर्वाद से उपस्थित महिलाओं को बंगाल का विशेष पाउडर सिंदूर एवं सुहाग सामग्री वितरित की गई। साथ ही, श्रद्धालुओं को तुलसी की माला, अभिमंत्रित रुद्राक्ष और अन्य धार्मिक सामग्री भी भेंट की गई, जिससे संपूर्ण परिसर भक्तिमय हो उठा।
मधुर भजनों से सराबोर हुआ वातावरण
समापन सत्र में पंडित गिरीश शर्मा, बच्चन आचार्य एवं आशुतोष मिश्रा ने अपनी मधुर स्वर लहरियों के साथ संगीतमय सुंदरकांड और श्री हनुमान चालीसा का पाठ किया। इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं ने हनुमान जी के जयघोष लगाकर वातावरण को राममय बना दिया। यह आयोजन भोपाल में सनातन संस्कृति, सेवा और सामाजिक एकता के एक अनूठे केंद्र के रूप में उभर रहा है।






