बालाघाट में ओडिशा कनेक्शन का खुलासा: 21 किलो गांजा और 3 तस्कर गिरफ्तार

बालाघाट

बालाघाट पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी के अंतरराज्यीय रैकेट का भंडाफोड़ किया है। रामपायली पुलिस ने 21 किलो गांजा के साथ ओडिशा के दो गांजा तस्कर सहित तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक आरोपित बालाघाट का निवासी है।

रविवार को पुलिस कंट्रोल रूम में एसडीओपी अभिषेक चौधरी (वारासिवनी) ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम लिंगमारा-दीनी रोड पर चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल से बोरी में भरकर गांजा ले जाया जा रहा था। पुलिस ने जब संदिग्ध वाहन को रोका और जांच की, तो गांजा बरामद हुआ।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपित ओडिशा के सक्रिय और संगठित गांजा तस्कर गिरोह से जुड़े हैं, जो ओडिशा से गांजा लाकर मध्यप्रदेश, गुजरात सहित अन्य राज्यों में सप्लाई करते थे। आरोपितों ने यह भी स्वीकार किया है कि वे इससे पहले भी बालाघाट में गांजे की सप्लाई कर चुके हैं। पुलिस ने तीनों आरोपितों को न्यायालय में पेश कर 13 अप्रैल तक रिमांड पर लिया है।

5-6 लाख रुपये का गांजा जब्त

गिरफ्तार आरोपितों में भटेरा रोड, बालाघाट निवासी मुन्ना पिता बुधराम बर्वे (54), मिकेंद्र उर्फ मुकेश देव (28) निवासी कोडाला, जिला गजाम (ओडिशा) और दिलीप (32) निवासी बौद्ध जिला (ओडिशा) शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 21 किलो गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत लगभग पांच से छह लाख रुपये बताई जा रही है। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

आरोपितों के खिलाफ थाना रामपायली में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20, 25, 29 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

जिले में बढ़ रही गांजा सप्लाई

बालाघाट जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में गांजे की सप्लाई लगातार बढ़ती जा रही है। इससे पहले पांच फरवरी को नवेगांव पुलिस ने भी छह किलो गांजा जब्त किया था, जिसकी कीमत करीब ढाई लाख रुपये आंकी गई थी।

पुलिस का कहना है कि एक ओर लगातार कार्रवाई की जा रही है, वहीं दूसरी ओर तस्कर नए-नए तरीकों से सप्लाई जारी रखे हुए हैं। हालांकि इस बार पकड़े गए ओडिशा के मास्टरमाइंड से पूछताछ में पूरे नेटवर्क की बड़ी परतें खुलने की उम्मीद है।

इनका कहना…

पुलिस द्वारा आरोपितों से सघन पूछताछ की जा रही है। गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क, इसके स्रोत और गंतव्य की जानकारी जुटाई जा रही है। इस प्रकरण में अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ भी साक्ष्य संकलित कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

  • Related Posts

    प्रदेश में 3700 एकड़ में बनेगी नई सिटी, 20 ग्लोबल एजेंसियों ने प्रोजेक्ट में दिखाई रुचि

    भोपाल  मध्यप्रदेश में एक नया शहर डेवलप किया जा रहा है। राज्य की राजधानी भोपाल में इसे नॉलेज एंड एआइ सिटी के नाम से विकसित किया जा रहा है।

    पूरी खबर पढ़े
    नरवाई जलाना खेत और सेहत दोनों के लिए हानिकारक : कृषि मंत्री कंषाना

    नरवाई जलाना खेत और सेहत दोनों के लिए हानिकारक : कृषि मंत्री कंषाना कृषि चौपाल के माध्यम से प्रदेशभर में किसान जागरूकता अभियान भोपाल  किसान कल्याण एवं कृषि विकास

    पूरी खबर पढ़े

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *