भोपाल नगर निगम में अपनों का विद्रोह: गोवंश मुद्दे पर बीजेपी पार्षदों ने घेरी अपनी ही सरकार, वेटरनरी डॉक्टर सस्पेंड
भोपाल। राजधानी के जिंसी स्लॉटर हाउस में गोमांस मिलने के मामले ने मंगलवार को नगर निगम की परिषद बैठक को अखाड़े में तब्दील कर दिया। हैरानी की बात यह रही कि विपक्ष से पहले सत्ताधारी दल बीजेपी के पार्षदों ने ही अपनी मेयर मालती राय और एमआईसी (MIC) के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
बीजेपी पार्षद देवेंद्र भार्गव जैकेट पर विरोध के पोस्टर चस्पा कर सदन पहुंचे। पार्षदों का सीधा आरोप है कि मेयर-इन-काउंसिल ने गुपचुप तरीके से स्लॉटर हाउस चलाने की अनुमति दी और सदन को अंधेरे में रखा। पार्षदों ने दो टूक पूछा- क्या नगर निगम गोमाता के अपमान की कीमत पर स्लॉटर हाउस चलाने को मजबूर है।
विवाद बढ़ता देख नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के हस्तक्षेप के बाद निगम के पशु चिकित्सा अधिकारी बेनीप्रसाद गौर को निलंबित कर दिया गया है। डॉक्टर पर आरोप है कि उन्होंने गोमांस को शहर से बाहर भेजने के दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए थे।
बंद कमरे के फैसले पर सवाल
विवाद की मुख्य जड़ स्लॉटर हाउस को शुरू करने की अनुमति प्रक्रिया है। आरोप है कि मेयर इन काउंसिल (एमआईसी ) ने गुपचुप तरीके से इसे मंजूरी दे दी और इस प्रस्ताव को परिषद की सामान्य बैठक में चर्चा के लिए लाया ही नहीं गया। कांग्रेस ने इसे शहर सरकार की मिलीभगत करार देते हुए घेराबंदी शुरू कर दी है।
प्रशासनिक गाज और दस्तावेजी प्रमाण
नगर निगम के वेटरनरी डॉक्टर बेनीप्रसाद गौर की भूमिका उस समय संदिग्ध पाई गई, जब उनके हस्ताक्षर वाला वह पत्र सामने आया जिसके जरिए मांस को स्लॉटर हाउस से बाहर ले जाने की अनुमति दी गई थी। इसी आधार पर गोमांस को मुंबई भेजे जाने की बात कही जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकार ने डॉक्टर को सस्पेंड कर जांच के घेरे में ले लिया है।
हंगामे की भेंट चढ़े जनहित के मुद्दे
परिषद की बैठक में दो अहम प्रस्तावों पर मुहर लगनी थी। शहर की 829 अवैध/वैध कॉलोनियों में बल्क कनेक्शन हटाकर व्यक्तिगत नल कनेक्शन देना। मैरिज रजिस्ट्रेशन की फीस घटाकर मात्र 130 रुपये करना। हालांकि, गोमांस विवाद की तीव्रता इतनी अधिक है कि विकास कार्यों से ज्यादा ध्यान प्रशासनिक चूक और धार्मिक भावनाओं पर केंद्रित रहा।
इनका कहना है कि..
किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। निगम प्रशासन की जिम्मेदारी तय की जा रही है, इसीलिए संबंधित डॉक्टर पर कार्रवाई की गई है।
किशन सूर्यवंशी, अध्यक्ष, नगर निगम भोपाल






