नहर से लापता महिला का अर्धनग्न शव बरामद, हत्या की आशंका
जबलपुर। पनागर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मुड़िया रोड स्थित नहर में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने एक करीब 30 वर्षीय महिला का अर्धनग्न अवस्था में शव पानी में उतराता देखा। मृतका की पहचान सुलोचना धुर्वे (30 वर्ष), पति श्याम धुर्वे के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, मृतका सुलोचना मूल रूप से कुड़म की निवासी थी और वर्तमान में अपने परिवार के साथ मुड़िया स्थित एक पोल्ट्री फार्म में काम करती थी। परिजनों ने बताया कि बीते शनिवार को वह बाजार जा रही हूँ कहकर घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। परिजन उसकी तलाश कर ही रहे थे कि आज नहर में उसका शव मिलने की खबर आई।
अर्धनग्न अवस्था में मिला शव
शव अर्धनग्न हालत में मिलने के कारण क्षेत्र में दुष्कर्म के बाद हत्या जैसी आशंकाएं जताई जा रही हैं। घटना की सूचना मिलते ही पनागर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवाया। पुलिस ने पंचनामा कार्यवाही कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पनागर पुलिस के अनुसार, महिला की मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस पोल्ट्री फार्म के अन्य कर्मचारियों और परिजनों से पूछताछ कर रही है। शनिवार से सोमवार के बीच महिला कहां थी और किसके संपर्क में थी, इसकी बारीकी से जांच की जा रही है।






