भाजपा अध्यक्ष बदले, कंट्रोल वही— नितिन नबीन की ताजपोशी पर कांग्रेस का तंज

नई दिल्ली
कांग्रेस पार्टी ने नितिन नबीन को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने को लेकर भाजपा पर तंज कसा है। कांग्रेस ने कहा है कि नितिन नबीन को भले ही कार्यकारी अध्यक्ष का पद दिया गया हो, लेकिन रिमोट कंट्रोल गृह मंत्री अमित शाह के हाथ में ही होगा। सोमवार को कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने एक बयान में कहा कि भाजपा के लिए ‘कार्यकारी अध्यक्ष’ एक कोड वर्ड है।
 
कांग्रेस के मीडिया प्रभारी पवन खेड़ा ने एक बयान में कहा, “बिना चुनाव के एक अध्यक्ष बनाया गया है और उसे वर्किंग प्रेसिडेंट का नाम दिया है। वर्किंग प्रेसिडेंट भाजपा में एक कोडवर्ड है, जिसका मतलब है कि जो नॉन वर्किंग गृह मंत्री है, वो गृह मंत्रालय चलाने के बजाय भाजपा को चलाता वही है। तो रिमोट कंट्रोल अमित शाह के हाथों में ही रहेगा, जैसा कि पिछले कुछ सालों से भी रहा है।” खेड़ा ने आगे कहा, “नड्डा जी बिचारे अध्यक्ष बनते घूमते थे, लेकिन जो बड़े फैसले थे, वो अमित शाह लेते थे। अभी भी यही होने वाला है।”

पांच बार के विधायक हैं नितिन नबीन
इससे पहले भाजपा ने रविवार को बिहार सरकार में कैबिनेट मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है और पूरी संभावनाएं हैं कि वह आने वाले दिनों में जे पी नड्डा का स्थान लेते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकते हैं। इसे सत्तारूढ़ दल में पीढ़ीगत बदलाव का संकेत माना जा रहा है। 45 साल के नितिन दिवंगत नबीन किशोर प्रसाद सिन्हा, जो भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक थे, के पुत्र हैं। पांच बार विधायक रहे नितिन नबीन बिहार के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। वह इससे पहले भी बिहार सरकार में मंत्री रहे हैं।

भाजपा ने चौंकाया
गौरतलब है कि अप्रत्याशित उम्मीदवारों को नियुक्त करने के लिए जानी जाने वाली भाजपा के शीर्ष पद के लिए हुए चयन ने एक बार फिर सबको चौंका दिया। नवीन खुद अपने निर्वाचन क्षेत्र में सार्वजनिक कार्यक्रमों में व्यस्त थे, जहां वे हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में अपनी जीत के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दे रहे थे। भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में उनके नाम की घोषणा से काफी पहले एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा था कि वह पार्टी के उन कार्यकर्ताओं के सामने नतमस्तक होते हैं जिनकी कड़ी मेहनत से कई नितिन नबीन पैदा होते हैं।

पीएम मोदी ने क्या कहा?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नबीन की राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में नियुक्ति की जमकर प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने एक मेहनती कार्यकर्ता के रूप में अपनी विशिष्टता साबित की है। पीएम मोदी ने एक पोस्ट में कहा, “वह एक युवा और कर्मठ नेता हैं जिनके पास समृद्ध संगठनात्मक अनुभव है और बिहार में कई बार विधायक एवं मंत्री के रूप में उनका प्रभावशाली रिकॉर्ड रहा है। उन्होंने लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए लगन से काम किया है।” उन्होंने कहा, ‘‘वह अपने विनम्र स्वभाव और व्यावहारिक कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। मुझे विश्वास है कि उनकी ऊर्जा और समर्पण आने वाले समय में हमारी पार्टी को मजबूती प्रदान करेंगे।’’

नड्डा और अमित शाह ने भी सराहा
इससे पहले जे पी नड्डा को जनवरी 2020 में भाजपा का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था और वह अपना कार्यकाल पूरा कर चुके हैं। हालांकि नड्डा को 2024 के लोकसभा चुनावों तक पार्टी का नेतृत्व करने के लिए कार्यकाल विस्तार दिया गया था। नड्डा ने नबीन को “ज्ञान और संस्कृति की पवित्र भूमि बिहार से एक गतिशील नेता” बताया और कहा कि उन्हें विश्वास है कि उनके नेतृत्व में और प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में पार्टी नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगी।

वहीं गृह मंत्री और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि नबीन के पास जनता के बीच काम करने का व्यापक अनुभव है और उनकी पदोन्नति हर उस युवा भाजपा कार्यकर्ता के लिए सम्मान की बात है जो दिन-रात मेहनत करता है। पार्टी के एक नेता ने कहा कि नवीन युवा हैं और उन्हें शासन तथा जनता एवं संगठन के लिए काम करने का व्यापक अनुभव है। वे बिहार सरकार में कई बार मंत्री रह चुके हैं और भारतीय जनता युवा मोर्चा के लिए भी व्यापक रूप से काम कर चुके हैं।

  • Related Posts

    उद्धव ठाकरे की सीट पर कांग्रेस की नजर, कैंडिडेट उतारने की तैयारी; विपक्ष में मचा विवाद

    मुंबई  उद्धव ठाकरे ने इस बार विधान परिषद सदस्य न बनने का फैसला लिया है। उनके स्थान पर उद्धव सेना चाहती है कि अंबादास दानवे को सदन में भेजा

    पूरी खबर पढ़े
    ‘ममता बनर्जी आराम करें’, सुवेंदु का दावा- बंगाल में 180 से अधिक सीटें जीतेगी BJP

    कलकत्ता पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में दूसरे और आखिरी चरण की वोटिंग खत्म हो चुकी है. खबर लिखे जाने तक इस फेज की 142 सीटों पर करीब 90 फीसदी

    पूरी खबर पढ़े

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *